बुलंदशहर : 26 / जुलाई / 2026 : चोला थाना क्षेत्र में खेत जोतने पहुंचे पिता-पुत्र के साथ कथित रूप से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित राजेंद्र पुत्र लखपत निवासी ग्राम हैबतपुर, थाना बिसरख, जिला गौतमबुद्ध नगर ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह अपने बेटे के साथ ट्रैक्टर से ग्राम पचौता में बाजरा बोने के लिए खेत की जुताई करने जा रहा था। आरोप है कि गांव में मंदिर के पास पहुंचने पर पचौता निवासी धर्मवीर, देवेंद्र, अनुज, मनोज, नरेंद्र, लाली, नन्नू, कपिल और टापू ने उन्हें रोक लिया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पिता-पुत्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि दोबारा गांव की ओर खेती करने आए तो उनकी लाश को गांव के बंबे में बहा दिया जाएगा।
चोला थाना प्रभारी बलराम सिंह सेंगर ने बताया कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीड़ित राजेंद्र की तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला जमीन से जुड़े विवाद से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।











