नई दिल्ली : 26 / जुलाई / 2026 : लेखन, पत्रकारिता, काव्य और फिल्म जगत में पिछले 50 वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार, स्तंभकार, संपादक एवं साहित्यकार प्रदीप सरदाना को प्रतिष्ठित ‘नामवर सिंह जन्मशताब्दी स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। नारायणी साहित्य अकादमी की ओर से जल्द ही दिल्ली में आयोजित एक विशेष अभिनंदन समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

प्रख्यात हिंदी आलोचक और साहित्यकार नामवर सिंह के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर यह सम्मान दिया जा रहा है। हिंदी साहित्य और आलोचना के क्षेत्र में नामवर सिंह का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और विशिष्ट माना जाता है।
वहीं, प्रदीप सरदाना के लेखन और पत्रकारिता का भी यह 50वां वर्ष है। प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार डॉ. हरिवंश राय ‘बच्चन’ के शिष्य रहे प्रदीप सरदाना ने महज 14 वर्ष की आयु में लेखन, काव्य और पत्रकारिता की शुरुआत की थी। 17 वर्ष की उम्र में उन्होंने ‘पुनर्वास’ अखबार का संपादन कर देश के सबसे कम उम्र के संपादकों में अपनी पहचान बनाई।
फिल्म समीक्षक के रूप में भी प्रदीप सरदाना की अलग पहचान है। इसके अलावा साहित्य, कविता, राजनीति और समसामयिक विषयों पर उनके लेखन को भी व्यापक रूप से सराहा गया है। उनकी कविताएं विभिन्न मंचों के साथ-साथ लंबे समय से पत्र-पत्रिकाओं में भी प्रकाशित होती रही हैं। उनकी एक कहानी का प्रसारण वर्ष 1993 में दूरदर्शन के चर्चित साहित्यिक धारावाहिक ‘झरोखा’ में भी किया जा चुका है।
प्रदीप सरदाना को इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। पिछले वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रसार भारती द्वारा उन्हें ‘आकाशवाणी सम्मान’ से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा हिंदी अकादमी मुंबई सहित कई संस्थाओं ने भी उनके साहित्यिक और पत्रकारिता योगदान को सम्मानित किया है। हाल के वर्षों में उन्हें ‘पंडित मदन मोहन मालवीय भूषण सम्मान’, ‘महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता पुरस्कार’, ‘रत्नश्री’ और ‘अभ्युदय अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक पुरस्कार’ जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं।
प्रदीप सरदाना को मिलने वाला ‘नामवर सिंह जन्मशताब्दी स्मृति सम्मान’ साहित्य, पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उनके पांच दशक लंबे योगदान के प्रति एक महत्वपूर्ण सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।











