गाजियाबाद : 3 / अगस्त / 2026 : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के बृज विहार मंडल की ओर से समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत भव्य शोभायात्रा और पावन कलश स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली काशी (वाराणसी) की पावन मिट्टी से युक्त कलश यात्रा साहिबाबाद शिव मंदिर से प्रारंभ होकर झंडापुर, कड़कड़ हनुमान मंदिर, सूर्यनगर राम मंदिर और चंद्रनगर संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंची।

सभी स्थानों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश पूजन, पुष्पवर्षा और श्रद्धापूर्वक स्वागत-अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राजन आर्य, अनुसूचित जाति मोर्चा संयोजक वेदप्रकाश जाटव, बृज विहार मंडल अध्यक्ष नीरज रावल सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल एवं सेक्टर पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए।

उपस्थित लोगों ने गुरु रविदास जी के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। मंडल अध्यक्ष नीरज रावल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन मानव सेवा, सामाजिक समानता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समरस और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम का समापन गुरु रविदास जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












