Home » उत्तर प्रदेश » ‘उत्थान जल संजीवनी अभियान’ का आगाज, हर बूंद सहेजने को जनभागीदारी पर जोर

‘उत्थान जल संजीवनी अभियान’ का आगाज, हर बूंद सहेजने को जनभागीदारी पर जोर

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 13 / अगस्त / 2026 :   जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में उत्थान समिति ने ‘उत्थान जल संजीवनी अभियान’ का शुभारंभ किया। जिला गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी एवं समिति अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार मांडड़ ने अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए जनपदवासियों से जल संरक्षण की मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।

अभियान के तहत वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, तालाबों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक, आरडब्ल्यूए, शिक्षण संस्थान, उद्योग और सामाजिक संगठनों को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।

उत्थान समिति के चेयरमैन एवं जिला गंगा समिति के सदस्य सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि जल बचाने के साथ वर्षा की प्रत्येक बूंद को धरती के भीतर पहुंचाना भी आवश्यक है। इसके लिए समिति पर्कोलेशन आधारित वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण प्रणालियों को बढ़ावा देगी।

अभियान में युवाओं और विद्यार्थियों के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। समिति का उद्देश्य जल संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे जनभागीदारी से जुड़े स्थायी प्रयास में बदलना है।

बैठक में वन विभाग की अधिकारी ईशा तिवारी, जीडीए के मुख्य अभियंता आलोक रंजन, नगर निगम के उद्यान अधिकारी अनुज सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

समिति ने लोगों से अपील की कि घरों, संस्थानों और कार्यस्थलों पर वर्षा जल को सहेजने की व्यवस्था करें, पानी का अनावश्यक उपयोग रोकें और आसपास के तालाबों एवं जलस्रोतों के संरक्षण में सहयोग करें। जल की हर बूंद बचाने का प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की नींव बन सकता है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment