बुलंदशहर : 5 / अगस्त / 2026 : बुलंदशहर के थाना चोला क्षेत्र में हाल ही में हुई हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों से बुधवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को थाना चोला क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में अनिल सोलंकी और जितेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में इस्तेमाल तमंचों को फतेहपुर जादौन रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी।

बुधवार को पुलिस टीम दोनों आरोपियों को निशानदेही पर हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर ले गई। इसी दौरान दोनों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और झाड़ियों में छिपाए गए तमंचों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। अनिल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जितेश का भी आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












