गाजियाबाद : 5 / अगस्त / 2026 : जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बागपत जनपद के ग्राम हिसावदा पहुंचे, जहां पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ किसान नेता सतपाल मलिक की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रदीप नरवाल, राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम और राष्ट्रीय सचिव विदित चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, एआईसीसी सदस्य नरेंद्र राठी, जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष डॉली त्यागी समेत गाजियाबाद जिले और महानगर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने सतपाल मलिक के सार्वजनिक जीवन, किसानों, सैनिकों और आम जनता के हितों के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा निडर होकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सतपाल मलिक को पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए आदर्शों पर चलकर जनसेवा करने का संकल्प दोहराया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












