खुर्जा : 12 / अगस्त / 2026 : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए खुर्जा जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों के साथ ट्रेनों में भी विशेष निगरानी रखी गई।

सहायक सुरक्षा आयुक्त अलीगढ़ गुलजार सिंह की मौजूदगी में आरपीएफ खुर्जा जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक नन्दलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय सहित अन्य स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के साथ लावारिस एवं संदिग्ध सामान की भी जांच की गई।

चेकिंग के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा टीम ने यात्रियों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। यात्रियों से अपील की गई कि स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस सामान दिखाई देने पर उसे न छुएं और तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नजदीकी आरपीएफ/जीआरपी को सूचना दें।

आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए खुर्जा जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










