खुर्जा : 12 / अगस्त / 2026 : खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने शादी का दबाव बनाने के बाद महिला की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया।
पुलिस के अनुसार शिवलोक कॉलोनी निवासी महिला का अपने पड़ोस में रहने वाले अजीत नामक व्यक्ति से परिचय था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले बातचीत होती थी। आरोपी महिला पर शादी करने का दबाव बना रहा था, जबकि महिला इसके लिए तैयार नहीं थी और उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी।
मंगलवार रात महिला आरोपी के कमरे पर गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ खुर्जा शोभित कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। महिला के पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










