गाजियाबाद : 13 / अगस्त / 2026 : गाजियाबाद जनपद के विकासखंड मुरादनगर अंतर्गत ग्राम जलालपुर निवासी गजेंद्र सिंह, संचालक नेशनल पोल्ट्री फार्म, ने मेहनत, लगन, आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के दम पर पोल्ट्री व्यवसाय में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और युवाओं के लिए स्वरोजगार की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है।
गजेंद्र सिंह वर्ष 2017 से संगठित रूप से लेयर फार्मिंग का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में 90 हजार लेयर क्षमता वाले फार्म की स्थापना की थी। इससे पहले उन्होंने सीमित संख्या में मुर्गियों के साथ पोल्ट्री व्यवसाय की शुरुआत की थी। निरंतर परिश्रम, अनुभव और बेहतर प्रबंधन के बल पर आज उनके फार्म में तीन लाख से अधिक अंडा देने वाली लेयर मुर्गियां हैं।

उनकी सफलता और कार्य के प्रति समर्पण को देखते हुए कुक्कुट नीति-2022 के अंतर्गत सरकार द्वारा उनके लिए 90 हजार लेयर क्षमता के नए फार्म की परियोजना स्वीकृत की गई है। वर्तमान में परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके पूरा होने के बाद जनपद में एक और बड़े एवं आधुनिक पोल्ट्री फार्म का संचालन उनके द्वारा किया जाएगा।
कुक्कुट नीति-2022 के अंतर्गत इच्छुक व्यक्ति अपनी क्षमता और संसाधनों के अनुसार 10 हजार से लेकर 90 हजार या इससे अधिक लेयर क्षमता का फार्म स्थापित कर सकता है। पात्रता के अनुसार योजना का लाभ लेकर युवा, किसान और उद्यमी पोल्ट्री व्यवसाय को बड़े स्तर पर विकसित कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत परियोजना लागत में 30 प्रतिशत मार्जिन मनी लाभार्थी द्वारा तथा 70 प्रतिशत ऋण के माध्यम से परियोजना को वित्तपोषित करने की व्यवस्था बताई गई है। पात्र लाभार्थियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार पांच वर्ष तक ब्याज में सात प्रतिशत की छूट, विद्युत बिलों में छूट तथा भूमि किराये या पट्टे पर लेने की स्थिति में देय स्टाम्प शुल्क में छूट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
गजेंद्र सिंह की सफलता यह दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग, तकनीकी जानकारी, मेहनत और बेहतर प्रबंधन अपनाकर पोल्ट्री व्यवसाय को लाभकारी एवं रोजगारपरक उद्यम के रूप में विकसित किया जा सकता है।
पशुपालन विभाग की ओर से जनपद के युवाओं, किसानों और इच्छुक उद्यमियों से कुक्कुट नीति का लाभ उठाकर लेयर फार्म स्थापित करने की अपील की गई है। इससे स्वरोजगार के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। गजेंद्र सिंह जैसे सफल लाभार्थियों की उपलब्धियां ग्रामीण युवाओं और नए उद्यमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










